रविवार, 22 नवंबर 2026

हिन्दी की संवैधानिक स्थिति

 

हिन्दी की संवैधानिक स्थिति

राजकाल चलाने के लिए किसी न किसी भाषा की आवश्यकता होती है। अपने समय में पालि, प्राकृत अथवा अपभ्रंश राजभाषा रही हैं। मुस्लिम शासनकाल में तीन सौ वर्षों तक उर्दू राजकाज की भाषा थी। मैकाले ने इंग्लैण्ड से आकर अँग्रेजी को प्रतिष्ठित किया। तब से उच्च स्तर पर अँग्रेजी और निम्नस्तर पर देशी भाषाएँ प्रयुक्त होती रहीं। राष्ट्रीय चेतना के विकास के साथ अपनी भाषा को राजपद दिलाने की मांग उठी । भारतेन्दु हरिश्चन्द्र, महर्षि दयानन्द सरस्वती, तिलक, महात्मा गांधी, और बहुत से नेताओं ने अनुभव किया कि हमारे देश का राजकाज हमारी ही भाषा में होना चाहिये और वह भाषा हिन्दी हो सकती है। अतः उसे सामान्य या संपर्क भाषा के रूप में स्वीकार किया गया। इसके पीछे तर्क यह था कि हिन्दी सभी आर्यभाषाओं की सहोदरी है, वह संस्कृत की उत्तराधिकारिणी है और सभी भारतीय भाषाओं से सरल है।

स्वतंत्रता के बाद यह अनुभव किया गया कि देश का राजकाज लोक की भाषा में हो, अतः राजभाषा के रूप में हिन्दी को एकमत से स्वीकार किया गया। 14 सितम्बर 1949 ई. को भारत के संविधान में हिन्दी को मान्यता प्रदान की गई। तब से राजकार्यों में राजभाषा हिन्दी के प्रयोग का आरंभ होता है।

संघ की राजभाषा विषयक व्यवस्था

धारा 343- धारा 343 के अनुसार संघ राजभाषा हिन्दी और लिपि देवनागरी होगी और अंकों का रूप भारतीय अंकों का अन्तर्राष्ट्रीय रूप होगा। शासकीय प्रयोजनों के लिए "अँग्रेजी भाषा का प्रयोग 15 वर्ष की अवधि तक किया जाता रहेगा। परंतु " राष्ट्रपति इस अवधि के दौरान किन्ही शासकीय प्रयोजनों के लिए अँग्रेजी के साथ हिन्दी भाषा का प्रयोग अधिकृत कर सकेगा। इसी धारा के अंतर्गत कहा गया है कि संसद उक्त 15 वर्ष की अवधि के पश्चात् विधि द्वारा अँग्रेजी भाषा का या देवनागरी अंकों का प्रयोग किन्ही प्रयोजनों के लिए उपबन्ध कर सकेगी।

धारा 344- इस धारा के अनुसार यह व्यवस्था दी गयी है कि इस संविधान के प्रारंभ से 5 वर्ष की समाप्ति पर राष्ट्रपति एक आयोग गठित करेगा" जो निश्चित की जाने वाली एक प्रक्रिया के अनुसार राष्ट्रपति को सिफारिश करेगा कि किन शासकीय प्रयोजनों के लिए हिन्दी का प्रयोग अधिकाधिक किया जा सकता है। इसी प्रकार का आयोग संविधान के प्रारंभ से 10 वर्ष की समाप्ति पर गठित किया जायेगा।

धारा 345- इस धारा में यह व्यवस्था दी गई है कि राज्य का विधान मंडल, उस राज्य में प्रयुक्त होने वाली या किन्हीं अन्य भाषाओं को या हिन्दी को शासकीय प्रयोजनों के लिए स्वीकार कर सकेगा। यदि किस राज्य का विधानमंडल ऐसा नहीं कर पायेगा तो अंग्रेजी भाषा का प्रयोग यथावत् किया जाएगा।

धारा 346-इस धारा के अंतर्गत यह कहा गया है कि संघ द्वारा प्राधिकृत भाषा एक राज्य और दूसरे राज्य के बीच में पत्र आदि की भाषा राजभाषा होगी। यदि कोई राज्य परस्पर हिन्दी भाषा को स्वीकार करेगा तो उस भाषा का प्रयोग किया जा सकेगा।

धारा 347- इस धारा के अनुसार संविधान में यह व्यवस्था दी गई है कि यदि कोई राज्य यह चाहता हो कि उसके द्वारा बोली जाने वाली भाषा को उस राज्य की दूसरी भाषा के रूप में मान्यता दी जाय तो मांग करने पर राष्ट्रपति इसकी अनुमति दे सकता है.

धारा 348- इस धारा में यह कहा गया कि जब तक संसद विधि द्वारा उपबन्ध न करे तब तक उच्चतम न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट) और प्रत्येक राज्य के उच्च न्यायालय (हाईकोर्ट) में सब तरह की कार्यवाही अँग्रेजी भाषा में होगी।

धारा 349- इस धारा के अनुसार राज्य भाषा से संबंधित संसद यदि कोई विधेयक या संशोधन प्रस्तुत करे तो राष्ट्रपति की पूर्व मंजूरी लेनी पड़ेगी।

धारा 350- इस धारा के अनुसार अल्पसंख्यक बच्चों की प्राथमिक शिक्षा उनकी मातृभाषा में दिये जाने की पर्याप्त सुविधा सुनिश्चित की जायेगी।

धारा 351- इस धारा के अंतर्गत यह निर्देश दिया गया है कि संघ का यह कर्तव्य होगा कि वह हिन्दी भाषा का प्रचार बढ़ाये और उसका विकास करे।

 

आठवीं अनुसूची में 15 भाषाएँ गिना दी गई हैं- 1. असमिया 2. उड़िया 3. उर्दू 4. कन्नड़ 5. कश्मीरी 6. गुजराती 7. तमिल 8. तेलुगु 9. पंजाबी 10. बंगला 11. मराठी 12 मलयालम 13. संस्कृत 14. सिंधी 15. हिन्दी ।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

कथेतर साहित्य की विविध विधाएँ: परिभाषा, अंतःसंबंध एवं अंतर

  कथेतर साहित्य की विविध विधाएँ: परिभाषा , अंतःसंबंध एवं अंतर 2.1 प्रमुख विधाओं का विस्तृत विश्लेषण निबंध ( Essay): ' नि ...