सम्पर्क भाषा
सम्पर्क भाषा से तात्पर्य एक ऐसी भाषा से है, जिसके द्वारा किसी देश या सुगठित समाज के लोग आपस में
लेन-देन, विचार विनिमय और अपने
भावों की अभिव्यक्ति कर सकें। किसी भी राष्ट्र में एक सम्पर्क भाषा का होना उसकी
राष्ट्रीय प्रतिष्ठा का प्रतीक है। पं. जवाहर लाल नेहरू ने भारतीय राष्ट्र की एकता
की प्रतीक स्वरूप हिन्दी को सम्पर्क भाषा के रूप में मान्यता दी थी। उन्हीं के
शब्दों में मुझे एक लम्बे समय से यकीन रहा है और आज भी है कि भारत की आम जनता की
वास्तविक उन्नति और जन जागरण अँग्रेजी के जरिए नहीं हो सकता। इसलिए जरूरी है कि हम
हिन्दी के बारे में विचार करें। इसलिए नहीं कि हिन्दी बंगला, मराठी या तमिल से श्रेष्ठ हैं, ऐसी बात कतई नहीं है, बल्कि इसलिए कि इस काम के लिए हिन्दी ही सबसे उपयुक्त है।
प्रसिद्ध भाषा वैज्ञानिक डॉ. सुनीति कुमार चटर्जी ने भी कहा था कि भारत में एक ऐसी
सम्पर्क भाषा होनी चाहिए कि जिसे सर्वापेक्षा अधिक संख्यक भारतवासी समझ सकें।
"डॉ. अमिताभ ने एक लेख में लिखा है कि "कन्या कुमारी से लेकर बद्रीनाथ
तक केवल एक ही भाषा सम्पर्क स्थापन में सहायक हो सकती है और वह है - हिन्दी अथवा
हिन्दुस्तानी। महात्मागाँधी ने भी कहा था कि 'सम्पर्क भाषा के बिना यह देश गूंगा है।"
सम्पर्क भाषा की आवश्यकता
दो व्यक्ति जो विभिन्न भाषा-भाषी हों, एक भाषा में बात करते हैं। जिसे दोनों
अच्छी तरह समझ सकते हैं। इस भाषा को ही संपर्क भाषा कहा जाता है।
डा. भोलानाथ तिवारी के अनुसार, “जो भाषा अन्य लोगों से सम्पर्क के काम आये, उसे सम्पर्क भाषा कहते
हैं। "
आज अंग्रेजी भारत की सम्पर्क भाषा व्यावहारिक रूप में है क्योंकि यह विभिन्न
भाषा-भाषी लोगों के बीच में सम्पर्क को कायम करती है।
आवश्यकता इस बात की है कि हम हिन्दी को सम्पर्क भाषा के रूप में विकसित करें
तथा अन्य प्रान्तों के लोग परस्पर सम्पर्क करने के लिए हिन्दी का व्यवहार करें, तभी हिन्दी राष्ट्रभाषा का सही दर्जा पा सकेगी।
हिन्दी सम्पर्क भाषा के रूप में भारत भर में युग-युग से रही
है। दक्षिण से आकर मध्वाचार्य, बल्लभाचार्य, निम्बार्काचार्य और अन्य
आचार्य सारे भारत में इसी भाषा के माध्यम से अपने धार्मिक विचारों का प्रचार करते
रहे हैं। भारत के राष्ट्र बनने से पहले भी हमारे तीर्थ थे और बंगाल, उड़ीसा, तमिलनाडु, कर्नाटक आदि प्रदेशों के
लाखों यात्री इसी भाषा का व्यवहार सीख कर जाते थे। दक्षिण के तीर्थों तिरूपति, मदुरई, कन्याकुमारी और रामेश्वरम् तक उत्तर भारत के
लोग जाते थे तो हिन्दी के द्वारा ही एक दूसरे से सम्पर्क करते थे। आज तो हिन्दी और
बेहतर हो गई है। रेडियो, टेलीविजन, सिनेमा, समाचार-पत्रों के माध्यम से हिन्दी का प्रचार-प्रसार बढ़ा है। बहुत से राज्यों
में स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों तक में हिन्दी में
शिक्षा होती है। महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब, उड़ीसा, असम, बंगाल और कनार्टक के युवक
हिन्दी सीखते है और बोलते हैं। देश की राजधानी हिन्दी प्रदेश में है। लाखों लोगों
को मंत्रालयों, सचिवालयों, निदेशालयों और अन्य
कार्यालयों से काम पड़ता है। उच्चतम न्यायालय भी हिन्दी प्रदेश में ही है।
भारत के सभी प्रदेशों के बहुत से लोग हिन्दी प्रदेश के
नगरों, महानगरों में नौकरी करते हैं। वे और उनके बच्चे विशेषतः
स्कूलों में, खेल के मैदानों में, मुहल्लों में बहुत जल्दी हिन्दी का ज्ञान प्राप्त करते हैं और हिन्दी को ही
विचार विनिमय का माध्यम मानते हैं।
कहने का तात्पर्य है कि हिन्दी का सम्पर्क भाषा रूप अपने आप
उज्ज्वल हो रहा है। हिन्दी भारत की सम्पर्क भाषा है ही। इतना
बड़ा देश है, कहीं चले जाइए हिन्दी से आप के सारे कार्य सिद्ध हो जाते हैं। यह मानना पड़ता है कि
किसी देश की भाषा को राष्ट्रभाषा की मान्यता प्राप्त हो जाए तो उस भाषा की और उस
देश की प्रतिष्ठा बढ़ जाती है। उसका सामाजिक स्तर ऊँचा हो जाता है। देश की
प्रतिष्ठा में चार चांद लग जाते हैं। बाहर के लोगों को भी जान पड़ता है कि देश एक
है, अखण्ड है और एकात्मक है। सम्पर्क भाषा होने से कोई भाषा
राष्ट्रभाषा नहीं कहला सकती, परंतु राष्ट्रभाषा होने से वह सम्पर्क भाषा तो
होती ही है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें