रविवार, 22 नवंबर 2026

राजभाषा

 

राजभाषा

राजभाषा का अर्थ है संविधान द्वारा स्वीकृत सरकारी कामकाज की भाषा। किसी देश का सरकारी कामकाज जि.स. भाषा में करने का कोई निर्देश संविधान के प्रावधानों द्वारा दिया जाता है, वह उस देश की राजभाषा कही जाती है।

भारत के संविधान में हिन्दी भाषा को राजभाषा का दर्जा दिया गया है, किन्तु साथ ही यह भी प्रावधान किया गया है कि अंग्रेजी भाषा में भी केन्द्र सरकार अपना कामकाज तब तक कर सकती है जब तक हिन्दी पूरी तरह राजभाषा के रूप में स्वीकार्य नहीं हो जाती ।

प्रारम्भ में संविधान लागू होते समय सन् 1950 में यह समय सीमा 15 वर्ष के लिए थी अर्थात् अंग्रेजी का प्रयोग सरकारी कामकाज के लिए सन् 1965 तक ही हो सकता था, किन्तु बाद में संविधान संशोधन के द्वारा इस अवधि को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया गया। यही कारण है कि संविधान द्वारा हिन्दी को राजभाषा घोषित किये जाने पर भी केन्द्र सरकार का अधिकांश सरकारी कामकाज अंग्रेजी में हो रहा है और वह अभी तक अपना वर्चस्व बनाए हुए है।

केन्द्र सरकार की राजभाषा के अतिरिक्त अनेक राज्यों की राजभाषा के रूप में भी हिन्दी का प्रयोग स्वीकृत है। जिन राज्यों की राजभाषा हिन्दी स्वीकृत है, वे हैं - उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार, झारखण्ड, छत्तीसगढ़ एवं उत्तरांचल। इन राज्यों के अलावा अन्य राज्यों ने अपनी प्रादेशिक भाषा को राजभाषा का दर्जा दिया है। यथा- पंजाब की राजभाषा पंजाबी, बंगाल की राजभाषा बंगला, आन्ध्र प्रदेश की राजभाषा तेलुगू तथा कर्नाटक की राजभाषा कन्नड़ है। इन प्रान्तों में भी सरकारी कामकाज प्रान्तीय भाषा में होने के साथ-साथ अंग्रेजों में हो रहा है।

निष्कर्ष यह है कि अंग्रेजी संविधान द्वारा भले ही किसी राज्य की राजभाषा स्वीकृत न की गई हो, किन्तु व्यावहारिक रूप में उसका प्रयोग एक बहुत बड़े सरकारी कर्मचारी वर्ग द्वारा सरकारी कामकाज के लिए किया जा रहा है।

राजभाषा हिन्दी की समस्याएं

हिन्दी पूर्णतः राजभाषा नहीं बन सकी है, इसके कुछ प्रमुख कारण निम्नवत् हैं :

 

1. अधिकांश सरकारी अधिकारी अंग्रेजी के पक्के भक्त हैं। वे अंग्रेजी के ही माध्यम से चयनित होकर राजकीय सेवा में आये हैं। इस कारण से हिन्दी का प्रयोग करने के प्रस्ताव फाइलों में दबे रह जाते हैं।

2. अंग्रेजी अंग्रेजों की भाषा है और अंग्रेजों ने बहुत समय तक इस देश में शासन किया है, इसलिए अंग्रेजी का व्यवहार करना लोग उच्चता और गौरव का प्रतीक समझते हैं।

3. लोगों में देशभक्ति, राष्ट्रीयता और अपनी संस्कृति से लगाव की भावना उत्पन्न नहीं हुई है।

4. हिन्दी की वर्णमाला में 52 अक्षर हैं। इसलिए टाइपराइटर, कम्प्यूटर और छापेखाने का काम हिन्दी में उतनी शीघ्रता से नहीं होता, जितनी शीघ्रता से अंग्रेजी माध्यम से होता है।

5. विदेशों से सम्पर्क का माध्यम अंग्रेजी है। विदेश जाने के इच्छुक लोग अंग्रेजी का व्यावहारिक ज्ञान करने के लिए पूर्णरूप से अंग्रेजी का व्यवहार करते हैं और उसी के चिन्तन में लगे रहते हैं और हिन्दी का व्यवहार भूल कर भी नहीं करते।

6. सुप्रीम कोर्ट ही नहीं, हाईकोर्ट और अधिकांश जिला कोर्ट भी अपना काम अंग्रेजी में करते हैं, इसलिए वकीलों, न्यायाधीशों आदि को अंग्रेजी का प्रयोग करना पड़ता है। ये समस्याएं हिन्दी के राजभाषा बनने के मार्ग में बाधा बनी हुई हैं। इनका समाधान निम्नलिखित उपायों द्वारा किया जा सकता है-

(1) अंग्रेजी भक्त सरकारी अधिकारी धीरे-धीरे सेवा निवृत्त हो जायेंगे। यदि नये आने वाले अधिकारी अंग्रेजी भक्त न बन पायें तो हिन्दी राजभाषा बन सकती है। अधिकारियों की मानसिकता बदलने से ही हिन्दी राजाभाषा बन सकेगी।

(2) स्वाभिमान की भावना को जाग्रत करके ही अंग्रेजी के व्यवहार को गौरवपूर्ण और हिन्दी के व्यवहार को हीन समझना दूर किया जा सकता है।

(3) देशभक्ति, राष्ट्रीयता और भारतीय संस्कृति की श्रेष्ठता का भाव शासन नहीं जगा सकता। यह काम हिन्दी भक्तों को ही करना पड़ेगा।

(4) टाइपराइटर, कम्प्यूटर एवं छापेखाने में हिन्दी की प्रवृत्ति के अनुरूप सुधार करके इनमें हिन्दी के माध्यम से तीव्रगति से कार्य किया जा सकता है।

(5) विदेशों से सम्पर्क सभी को नहीं करना पड़ता। विदेशों में जाने वाले भारतीय प्रतिनिधि मण्डल को अंग्रेजी के स्थान पर हिन्दी का प्रयोग करना चाहिए।

(6) आई. ए. एस., आई. पी. एस. में हिन्दी माध्यम अपनाया जाने लगा है। उच्च न्यायालय और जिला न्यायालय कुछ कार्य हिन्दी में करने लगे हैं। आवश्यकता इस बात की है कि सभी सरकारी कामकाज हिन्दी में ही किया जाय।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

कथेतर साहित्य की विविध विधाएँ: परिभाषा, अंतःसंबंध एवं अंतर

  कथेतर साहित्य की विविध विधाएँ: परिभाषा , अंतःसंबंध एवं अंतर 2.1 प्रमुख विधाओं का विस्तृत विश्लेषण निबंध ( Essay): ' नि ...