रविवार, 22 नवंबर 2026

श्रव्य माध्यम - रेडियो की भाषा

 

श्रव्य माध्यम - रेडियो की भाषा

भाषा को रेडियो का प्राण कहा जाता है। रेडियो लेखक दृश्य तत्वों की कमी की पूर्ति शब्दों की सहायता से करता है। यहाँ पर शब्दों के लिखित रूप की अपेक्षा श्रव्य स्वरूप पर ही ध्यान दिया जाता है। भाषा का जन्म शब्दों की श्रव्य ध्वनियों से हुआ है। मुद्रण के आविष्कार के बाद शब्दों के लिखित रूप का प्रचलन और महत्व बढ़ गया है। परंतु रेडियो कार्यक्रमों में इसका कोई मूल्य नहीं है। रेडियो लेखक के लिए यह आवश्यक है कि वह सुने गए शब्दों की शक्ति को पहचाने। उसे इस बात का ज्ञान होना चाहिये कि किन शब्दों और वाक्यों का प्रभाव श्रोता पर पड़ेगा। एक उदाहरण द्रष्टव्य है-

"कहीं अजीब देश में पहुँच गयी हूँ, जहाँ चारों ओर फूल ही फूल हैं, जिन्हें हम गूलर पाकड़-पीपल कहते हैं। उनमें भी फूल लगे हैं-चम्पा के, गुलाब के पारिजात के ।"

इसी का परिवर्तित रूप देखें-

"कितना सुन्दर देश है यह! फूलों का देश ! राशि राशि के फूल ! चारों ओर फूल ही फूल - चम्पा के. गुलाब के पारिजात के।"

प्रथम उद्धरण लिखित रूप में है और दूसरा श्रव्य मौखिक रूप में पहले में प्रवाह और गति नहीं है जबकि दूसरें में ये दोनों विशेषताएँ हैं। रेडियो नाटकों या कार्यक्रमों की भाषा की प्रकृति दूसरे उदाहरण जैसी होनी चाहिये। रेडियो में श्रोता एक शब्द को दुबारा सुन नहीं सकता। रेडियो पर बोलने वाला उसे इतना अवकाश नहीं देता कि श्रोता वाक्य या वाक्यांश का अर्थ पूर्णतः समझ ले। श्राता को यहाँ वाचक पर निर्भर रहना पड़ता है।

इस प्रकार रेडियो की भाषा की प्रकृति मौखिकता को लिए होती है। उसमें उन शब्दों और वाक्यों का अधिक मूल्य और महत्व होता है जिन्हें सरलता से बोला जा सकता है ताकि श्रोता उन्हें सुनकर तत्काल अर्थ को ग्रहण कर सके। रेडियो के लिए कोई भी कार्यक्रम लिखने वाले के पास शब्दों का अच्छा भंडार होना चाहिये। उसे एक ही शब्द का बार-बार प्रयोग न कर शब्द के पर्याय का प्रयोग करना चाहिये। निष्कर्ष यह है कि रेडियो की भाषा सहज, सरल और स्वाभाविक होनी चाहिये। क्योंकि यह भाषा चौखिक रूप में प्रयुक्त होती है।

श्रव्य-दृश्य माध्यम/टेलीविजन की भाषा

 

श्रव्य-दृश्य माध्यम/टेलीविजन की भाषा

टेलीविजन (दूरदर्शन) के साथ हिन्दी भाषा का रिश्ता दो रूपों में है। 1. साहित्य के रूप में और 2. भाषा के रूप में।

साहित्यिक विधाओं के प्रस्तुतिकरण के समय हिन्दी भाषा की प्रकृति सरल, संक्षिप्त, साहित्यिक, परिमार्जित और संस्कृतनिष्ठ दिखाई पडती है।

दूसरे भाषा के रूप में हिन्दी की भाषिक संरचना को टेलीविजन के चैनलों ने बहुत अधिक प्रभावित किया है टेलीविजन ने हिन्दी के नाम पर एक नई हिन्दी जिसे 'दूरदर्शनी हिन्दी' कहा जा सकता है, को जन्म दिया है, जैसे- "अमेरिका प्रेसीडेन्ट ओबामा ने अपने स्टेटमेन्ट में कहा कि गल्फ में पीस स्थापित करने के लिए वे सुपर समिट में शामिल होगे ।"

यह भाषा वास्तव में हिन्दी नहीं हैं। वह 'हिंग्रेजी' है। करीब दो फीसदी या उससे अधिक हिन्दी में अँग्रेजी के शब्दों का प्रयोग हो रहा है। संवादों में बट और एण्ड का प्रयोग तो सामान्य हो गया है। नाव रैडी, ओके, कम्पटीशन, विनर, आदि अनेक शब्द दैनिक स्वीकृति प्राप्त कर रहे है।

टेलीविजन चूँकि दृश्य और श्रव्य दोनों ही है, अतः जीविजन की भाषा की प्रकृति अन्य माध्यमों से अलग है। यहाँ शब्द भी बोलते हैं, रंग भी बोलते हैं, चेहरे भी. मौन भी और संगीत भी। इसलिये दूरदर्शन की भाषा में दृश्य और श्रव्य का अद्भुत सामंजस्य है। टी.वी. की भाषा फिल्म व्याकरण के अनुरूप होती है, इसलिये वह मिश्रण और डिजाल्व आदि का प्रयोग कर सकता है।

टेलीविजन प्रोड्यूसर रेडियो की भाँति ही वाणी, ध्वनियों तथा मौन का भी इस्तेमाल करता है। संगीत का भी यथानुकूल प्रयोग होता है रेडियो की भाषा में भी वाणी, ध्वनिप्रभाव और मौन ये तीनों सामग्री होती है। रेडियों में श्रोताओं का ध्यान आकर्षित करने लिए रेडियोवाचक को उतार-चढ़ाव या सुर ताल और स्वर में विविधता लानी होती है। इस प्रकार भाषा की दृष्टि से टेलीविजन में दृश्य और श्रव्य का सामंजस्य बना हरता है।

संचार भाषा

 

संचार भाषा

आज सूचना प्रसारण का युग है। सूचना-विस्फोट के इस युग में हर चीज तेजी से बदल रही है क्या भाषा, क्या संस्कृति क्या विचार क्या फैशन टेलीविजन, विडियो, रेडियो तथा इंटरनेट ने हमारी दुनिया में बदलाव ला दिया है। नवें दशक के मध्य में जो केबल टी.वी. कुछ महानगरों के होटलों से शुरू हुआ था. इस केबल नेटवर्क का मकड़जाल अब बड़े-बड़े शहरों में ही नहीं अपितु कस्बों और गांवों तक पहुँच गया है इस विषय पर छात्र शोध कार्य करके नया इतिहास बना रहे हैं। आज यह वी.सी.आर. का अच्छा विकल्प है हमारा देश जनसंख्या के हिसाब से चीन के बाद विश्व में दूसरे स्थान पर है। ऐसी स्थिति में उपग्रह चैनलो का ध्यान निश्चित ही हमारी ओर जाएगा। यहाँ उसके लिये अच्छा बाजार है। बेहतर कारोबार की संभावना है। दूसरे शब्दों में कहें तो कह सकते है कि भाषा का व्यापक प्रयोग इन दृश्य-श्रव्य संचार माध्यमों की अनिवार्य आवश्यकता बन गई है।

'कोलंबिया इंसाइक्लोपीडिया ऑफ कम्यूनिकेशन में कम्यूनिकेशन अर्थात संचार को इन शब्दों में परिभाषित किया गया है- संचार के अंतर्गत अनुभवों, विचारों, संदेश, धारणाओं, दृष्टिकोण, मतों, सूचना ज्ञान आदि का आदान-प्रदान निहित है। यह आदान-प्रदान या प्रोषण चाहे मौखिक हो या लिखित हो अथवा सांकेतिक वस्तुओं और व्यक्तियों के परिवहन से भिन्न है। आशय यह है कि एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक अर्थपूर्ण संदेशों के प्रेषण को संचार कहेगें। अमेरिकी विद्वान् पर्सिंग के अनुसार " संचार वह है जिसमें लिखित, मौखिक एवं शब्द रहित संदेशों को भेजने तथा प्राप्त करने से जुड़े सभी तत्व शामिल हैं।

दृश्य और श्रव्य माध्यमों का उद्देश्य असंख्य श्रोता और दर्शक वर्ग तक पहुँचना होता है। इन लोगों में शिक्षित, अशिक्षित, बाल-वृद्ध बालाएं-महिलाएं, ग्रामीण-शहरी सभी प्रकार के लोग होते हैं। सभी का स्तर एक जैसा नहीं होता। इन सभी की प्रकृति भिन्न होती है। दृश्य और श्रव्य माध्यम इन भिन्न प्रकृति के लोगों की आवश्यकता की पूर्ति करते हैं। इसलिये दृश्य या श्रव्य माध्यमों में सरल, स्पष्ट और संक्षिप्त भाषा को पसंद किया जाता है। टेलीविजन, रेडियो आदि में प्रयुक्त की जाने वाली भाषा की प्रकृति, सरलता, सहजता और स्वाभाविकता की ओर रहती है, यह भाषा कभी भी समास प्रधान नहीं होती, बल्कि व्यास प्रधान होती है। इसके वाक्य छोटे-छोटे होते हैं। लम्बे वाक्य को दो-तीन वाक्यों में बदलने का प्रयत्न किया जाता है। भाषा इन माध्यमों में ऐसी रखी जाती है जिनका व्यवहार मनुष्य अपने जीवन में करता है। इनमें मिश्रित और संयुक्त वाक्यों का प्रयोग प्रायः नहीं किया जाता है, और न ही जटिल और दुरूह वाक्यों का प्रयोग होता है। संचार भाषा का उद्देश्य कम से कम शब्दों में अधिक से अधिक भावों का सम्प्रेषण है।

संचार भाषा मानव प्रकृति के अनुकूल ही होती है। दृश्य और श्रव्य माध्यमों में उसी भाषा का प्रयोग किया जाता है जो भाषा सामान्य जन के निकट होती है, जो व्यवहार में प्रयुक्त होती है जो सरल तथा सुबोध होती है, जो सहज तथा स्वाभाविक होती है और सम्प्रेषणीय होती है जिसे सभी वर्ग और आयु के लोग समझ सकें । दृश्य और श्रव्य माध्यमों में ऐसी भाषा का प्रयोग किया जाता है जो श्रोता दर्शक के ध्यान को बरबस आकर्षित करे। श्रव्य माध्यमों में शब्दों पर और दृश्य माध्यमों में चित्रों पर विशेष बल दिया जाता है। कार्यक्रम संपादकों का बल विशेष रूप से ऐसे शब्दों के प्रयोग की ओर अधिक होता है जो लोगों की समझ में तत्काल आ जाएँ और कार्यक्रम का संदेश तत्क्षण संप्रेषित हो जाये। फिल्म, टेलीविजन, वीडियो आदि श्रव्य के साथ-साथ दृश्य माध्यम भी है। चित्र या छायाकारी इन्हें और अधिक आकर्षक बनाते हैं। भाषा के बिना ये सभी माध्यम गूंगे हैं। 1935 ई. से पूर्व की फिल्में इसका उदाहरण हैं तब चित्र भागते-दौड़ते, क्रियाएं करते दिखाई देते थे परंतु भाषा या आवाज नहीं थी। 'आलमआरा', फिल्म के साथ फिल्में सवाक् हुईं, लोगों के आकर्षण का केन्द्र बनीं और भारत के जन-जन पर प्रभाव डाला। इस प्रकार भाषा इन दृश्य माध्यमों का प्रमुख आधार है।

संचार माध्यमों की भाषा की प्रकृति व्यासप्रधान, सरल, सरस, संक्षिप्त तथा बोलचाल की ओर झुकी हुई है। यही कारण है कि इन दृश्य माध्यमों ने जन जीवन को, जीवनशैली को अत्यधिक प्रभावित किया है और इनके दर्शकों की संख्या निरंतर बढ़ती जा रही है।

संचार माध्यमों में भाषा के प्रयोग का स्तर बदलता रहता है। इसलिये हमें उनमें भाषा को अलग ढंग से लिखने, पढ़ने और बोलने की आवश्यकता होती है। हम यहाँ इन माध्यमों में हिन्दी भाषा की प्रकृति के संदर्भ मे चर्चा करेगें ।

सम्पर्क भाषा

 

सम्पर्क भाषा

सम्पर्क भाषा से तात्पर्य एक ऐसी भाषा से है, जिसके द्वारा किसी देश या सुगठित समाज के लोग आपस में लेन-देन, विचार विनिमय और अपने भावों की अभिव्यक्ति कर सकें। किसी भी राष्ट्र में एक सम्पर्क भाषा का होना उसकी राष्ट्रीय प्रतिष्ठा का प्रतीक है। पं. जवाहर लाल नेहरू ने भारतीय राष्ट्र की एकता की प्रतीक स्वरूप हिन्दी को सम्पर्क भाषा के रूप में मान्यता दी थी। उन्हीं के शब्दों में मुझे एक लम्बे समय से यकीन रहा है और आज भी है कि भारत की आम जनता की वास्तविक उन्नति और जन जागरण अँग्रेजी के जरिए नहीं हो सकता। इसलिए जरूरी है कि हम हिन्दी के बारे में विचार करें। इसलिए नहीं कि हिन्दी बंगला, मराठी या तमिल से श्रेष्ठ हैं, ऐसी बात कतई नहीं है, बल्कि इसलिए कि इस काम के लिए हिन्दी ही सबसे उपयुक्त है। प्रसिद्ध भाषा वैज्ञानिक डॉ. सुनीति कुमार चटर्जी ने भी कहा था कि भारत में एक ऐसी सम्पर्क भाषा होनी चाहिए कि जिसे सर्वापेक्षा अधिक संख्यक भारतवासी समझ सकें। "डॉ. अमिताभ ने एक लेख में लिखा है कि "कन्या कुमारी से लेकर बद्रीनाथ तक केवल एक ही भाषा सम्पर्क स्थापन में सहायक हो सकती है और वह है - हिन्दी अथवा हिन्दुस्तानी। महात्मागाँधी ने भी कहा था कि 'सम्पर्क भाषा के बिना यह देश गूंगा है।"

सम्पर्क भाषा की आवश्यकता

दो व्यक्ति जो विभिन्न भाषा-भाषी हों, एक भाषा में बात करते हैं। जिसे दोनों अच्छी तरह समझ सकते हैं। इस भाषा को ही संपर्क भाषा कहा जाता है।

       डा. भोलानाथ तिवारी के अनुसार, “जो भाषा अन्य लोगों से सम्पर्क के काम आये, उसे सम्पर्क भाषा कहते हैं। "

आज अंग्रेजी भारत की सम्पर्क भाषा व्यावहारिक रूप में है क्योंकि यह विभिन्न भाषा-भाषी लोगों के बीच में सम्पर्क को कायम करती है।

आवश्यकता इस बात की है कि हम हिन्दी को सम्पर्क भाषा के रूप में विकसित करें तथा अन्य प्रान्तों के लोग परस्पर सम्पर्क करने के लिए हिन्दी का व्यवहार करें, तभी हिन्दी राष्ट्रभाषा का सही दर्जा पा सकेगी।

हिन्दी सम्पर्क भाषा के रूप में भारत भर में युग-युग से रही है। दक्षिण से आकर मध्वाचार्य, बल्लभाचार्य, निम्बार्काचार्य और अन्य आचार्य सारे भारत में इसी भाषा के माध्यम से अपने धार्मिक विचारों का प्रचार करते रहे हैं। भारत के राष्ट्र बनने से पहले भी हमारे तीर्थ थे और बंगाल, उड़ीसा, तमिलनाडु, कर्नाटक आदि प्रदेशों के लाखों यात्री इसी भाषा का व्यवहार सीख कर जाते थे। दक्षिण के तीर्थों तिरूपति, मदुरई, कन्याकुमारी और रामेश्वरम् तक उत्तर भारत के लोग जाते थे तो हिन्दी के द्वारा ही एक दूसरे से सम्पर्क करते थे। आज तो हिन्दी और बेहतर हो गई है। रेडियो, टेलीविजन, सिनेमा, समाचार-पत्रों के माध्यम से हिन्दी का प्रचार-प्रसार बढ़ा है। बहुत से राज्यों में स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों तक में हिन्दी में शिक्षा होती है। महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब, उड़ीसा, असम, बंगाल और कनार्टक के युवक हिन्दी सीखते है और बोलते हैं। देश की राजधानी हिन्दी प्रदेश में है। लाखों लोगों को मंत्रालयों, सचिवालयों, निदेशालयों और अन्य कार्यालयों से काम पड़ता है। उच्चतम न्यायालय भी हिन्दी प्रदेश में ही है।

भारत के सभी प्रदेशों के बहुत से लोग हिन्दी प्रदेश के नगरों, महानगरों में नौकरी करते हैं। वे और उनके बच्चे विशेषतः स्कूलों में, खेल के मैदानों में, मुहल्लों में बहुत जल्दी हिन्दी का ज्ञान प्राप्त करते हैं और हिन्दी को ही विचार विनिमय का माध्यम मानते हैं।

कहने का तात्पर्य है कि हिन्दी का सम्पर्क भाषा रूप अपने आप उज्ज्वल हो रहा है। हिन्दी भारत की सम्पर्क भाषा है ही। इतना बड़ा देश है, कहीं चले जाइए हिन्दी से आप के सारे कार्य सिद्ध हो जाते हैं। यह मानना पड़ता है कि किसी देश की भाषा को राष्ट्रभाषा की मान्यता प्राप्त हो जाए तो उस भाषा की और उस देश की प्रतिष्ठा बढ़ जाती है। उसका सामाजिक स्तर ऊँचा हो जाता है। देश की प्रतिष्ठा में चार चांद लग जाते हैं। बाहर के लोगों को भी जान पड़ता है कि देश एक है, अखण्ड है और एकात्मक है। सम्पर्क भाषा होने से कोई भाषा राष्ट्रभाषा नहीं कहला सकती, परंतु राष्ट्रभाषा होने से वह सम्पर्क भाषा तो होती ही है।

सृजनात्मक/सर्जनात्मक भाषा किसे कहते हैं?

 सृजनात्मक/सर्जनात्मक भाषा किसे कहते हैं?

दैनिक जीवन में व्यवहार में सामान्य भाषा का प्रयोग होता है। साहित्य-सृजन में परिनिष्ठित और साहित्यिक भाषा का प्रयोग होता है। जब बोलचाल की भाषा में कल्पना नवीनता और मुहावरे आदि का प्रयोग होता है तो सृजनात्मक भाषा का रूप विकसित ही जाता है। 

'डॉ. भोलानाथ तिवारी' ने ऐसी भाषा के विषय में लिखा है। "साहित्यकारों ने साहित्य में सामान्य भाषा का प्रयोग करते-करते साहित्यिक भाषा के रूप में नए नूतन रूप का सृजन किया और सामन्य भाषा और साहित्यिक भाषा में आदान - प्रदान के बावजूद सामन्य भाषा से अलग साहित्यिक भाषा की सत्ता को स्वीकृत मिल गई"

सृजनात्मक भाषा को मुख्यतः दो वर्गों में विभाजित किया गया है प्रथम गद्यात्मक भाषा तथा द्वितीय पद्यात्मक भाषा है गद्य के अंतर्गत तथा कहानी, नाटक, उपन्यास, निबंध संस्मरण और समीक्षा आदि विधाएँ आती हैं। इन सभी विधाओं की भाषा में विधागत वैशिष्ट्य होना स्वभाविक है , यथा नाट्य भाषा में ध्वन्यात्मकता के साथ रिक्त वाक्य, संबोधनात्मक और प्रश्न वाचक वाक्यों में भाषा का स्वरूप अभिनेयता के लिए वरदान सिद्ध होता है। गद्य साहित्य का भाषायी रूप सामान्यतः व्याकरणसम्मत होता है। 

हिन्दी की संवैधानिक स्थिति

 

हिन्दी की संवैधानिक स्थिति

राजकाल चलाने के लिए किसी न किसी भाषा की आवश्यकता होती है। अपने समय में पालि, प्राकृत अथवा अपभ्रंश राजभाषा रही हैं। मुस्लिम शासनकाल में तीन सौ वर्षों तक उर्दू राजकाज की भाषा थी। मैकाले ने इंग्लैण्ड से आकर अँग्रेजी को प्रतिष्ठित किया। तब से उच्च स्तर पर अँग्रेजी और निम्नस्तर पर देशी भाषाएँ प्रयुक्त होती रहीं। राष्ट्रीय चेतना के विकास के साथ अपनी भाषा को राजपद दिलाने की मांग उठी । भारतेन्दु हरिश्चन्द्र, महर्षि दयानन्द सरस्वती, तिलक, महात्मा गांधी, और बहुत से नेताओं ने अनुभव किया कि हमारे देश का राजकाज हमारी ही भाषा में होना चाहिये और वह भाषा हिन्दी हो सकती है। अतः उसे सामान्य या संपर्क भाषा के रूप में स्वीकार किया गया। इसके पीछे तर्क यह था कि हिन्दी सभी आर्यभाषाओं की सहोदरी है, वह संस्कृत की उत्तराधिकारिणी है और सभी भारतीय भाषाओं से सरल है।

स्वतंत्रता के बाद यह अनुभव किया गया कि देश का राजकाज लोक की भाषा में हो, अतः राजभाषा के रूप में हिन्दी को एकमत से स्वीकार किया गया। 14 सितम्बर 1949 ई. को भारत के संविधान में हिन्दी को मान्यता प्रदान की गई। तब से राजकार्यों में राजभाषा हिन्दी के प्रयोग का आरंभ होता है।

संघ की राजभाषा विषयक व्यवस्था

धारा 343- धारा 343 के अनुसार संघ राजभाषा हिन्दी और लिपि देवनागरी होगी और अंकों का रूप भारतीय अंकों का अन्तर्राष्ट्रीय रूप होगा। शासकीय प्रयोजनों के लिए "अँग्रेजी भाषा का प्रयोग 15 वर्ष की अवधि तक किया जाता रहेगा। परंतु " राष्ट्रपति इस अवधि के दौरान किन्ही शासकीय प्रयोजनों के लिए अँग्रेजी के साथ हिन्दी भाषा का प्रयोग अधिकृत कर सकेगा। इसी धारा के अंतर्गत कहा गया है कि संसद उक्त 15 वर्ष की अवधि के पश्चात् विधि द्वारा अँग्रेजी भाषा का या देवनागरी अंकों का प्रयोग किन्ही प्रयोजनों के लिए उपबन्ध कर सकेगी।

धारा 344- इस धारा के अनुसार यह व्यवस्था दी गयी है कि इस संविधान के प्रारंभ से 5 वर्ष की समाप्ति पर राष्ट्रपति एक आयोग गठित करेगा" जो निश्चित की जाने वाली एक प्रक्रिया के अनुसार राष्ट्रपति को सिफारिश करेगा कि किन शासकीय प्रयोजनों के लिए हिन्दी का प्रयोग अधिकाधिक किया जा सकता है। इसी प्रकार का आयोग संविधान के प्रारंभ से 10 वर्ष की समाप्ति पर गठित किया जायेगा।

धारा 345- इस धारा में यह व्यवस्था दी गई है कि राज्य का विधान मंडल, उस राज्य में प्रयुक्त होने वाली या किन्हीं अन्य भाषाओं को या हिन्दी को शासकीय प्रयोजनों के लिए स्वीकार कर सकेगा। यदि किस राज्य का विधानमंडल ऐसा नहीं कर पायेगा तो अंग्रेजी भाषा का प्रयोग यथावत् किया जाएगा।

धारा 346-इस धारा के अंतर्गत यह कहा गया है कि संघ द्वारा प्राधिकृत भाषा एक राज्य और दूसरे राज्य के बीच में पत्र आदि की भाषा राजभाषा होगी। यदि कोई राज्य परस्पर हिन्दी भाषा को स्वीकार करेगा तो उस भाषा का प्रयोग किया जा सकेगा।

धारा 347- इस धारा के अनुसार संविधान में यह व्यवस्था दी गई है कि यदि कोई राज्य यह चाहता हो कि उसके द्वारा बोली जाने वाली भाषा को उस राज्य की दूसरी भाषा के रूप में मान्यता दी जाय तो मांग करने पर राष्ट्रपति इसकी अनुमति दे सकता है.

धारा 348- इस धारा में यह कहा गया कि जब तक संसद विधि द्वारा उपबन्ध न करे तब तक उच्चतम न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट) और प्रत्येक राज्य के उच्च न्यायालय (हाईकोर्ट) में सब तरह की कार्यवाही अँग्रेजी भाषा में होगी।

धारा 349- इस धारा के अनुसार राज्य भाषा से संबंधित संसद यदि कोई विधेयक या संशोधन प्रस्तुत करे तो राष्ट्रपति की पूर्व मंजूरी लेनी पड़ेगी।

धारा 350- इस धारा के अनुसार अल्पसंख्यक बच्चों की प्राथमिक शिक्षा उनकी मातृभाषा में दिये जाने की पर्याप्त सुविधा सुनिश्चित की जायेगी।

धारा 351- इस धारा के अंतर्गत यह निर्देश दिया गया है कि संघ का यह कर्तव्य होगा कि वह हिन्दी भाषा का प्रचार बढ़ाये और उसका विकास करे।

 

आठवीं अनुसूची में 15 भाषाएँ गिना दी गई हैं- 1. असमिया 2. उड़िया 3. उर्दू 4. कन्नड़ 5. कश्मीरी 6. गुजराती 7. तमिल 8. तेलुगु 9. पंजाबी 10. बंगला 11. मराठी 12 मलयालम 13. संस्कृत 14. सिंधी 15. हिन्दी ।


रविवार, 4 अक्टूबर 2026

हिंदी निबंध : परिभाषा, स्वरूप एवं प्रकार

 हिंदी निबंध : परिभाषा, स्वरूप एवं प्रकार

1. प्रस्तावना

‘निबंध’ हिंदी गद्य की एक महत्त्वपूर्ण विधा है। इसमें लेखक किसी विषय, विचार, समस्या, घटना, व्यक्ति, वस्तु अथवा अनुभव को अपने स्वतंत्र चिंतन, अनुभूति, कल्पना और भाषा-शैली के माध्यम से क्रमबद्ध रूप में प्रस्तुत करता है। निबंध केवल किसी विषय की जानकारी देने का माध्यम नहीं है, बल्कि इसमें लेखक का व्यक्तित्व, दृष्टिकोण, संवेदना और विचार-शक्ति भी अभिव्यक्त होती है।

हिंदी साहित्य में निबंध का विकास आधुनिक काल में विशेष रूप से हुआ। भारतेन्दु हरिश्चंद्र के समय से हिंदी गद्य को आधुनिक स्वरूप प्राप्त हुआ और आगे चलकर महावीर प्रसाद द्विवेदी, आचार्य रामचंद्र शुक्ल, हजारीप्रसाद द्विवेदी, महादेवी वर्मा, रामधारी सिंह ‘दिनकर’, विद्यानिवास मिश्र आदि ने निबंध-विधा को समृद्ध किया।

2. निबंध की परिभाषा

‘निबंध’ शब्द संस्कृत की ‘निबन्ध’ धातु से बना है, जिसका अर्थ है—बाँधना या व्यवस्थित करना। अर्थात् विचारों को एक सूत्र में बाँधकर व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करना निबंध कहलाता है।

प्रमुख विद्वानों की परिभाषाएँ

(1) आचार्य रामचंद्र शुक्ल

आचार्य रामचंद्र शुक्ल के अनुसार निबंध में लेखक के व्यक्तित्व की अभिव्यक्ति विशेष महत्त्व रखती है। उनके अनुसार निबंध की विशेषता यह है कि उसमें लेखक के विचारों की स्वतंत्रता और उसकी अपनी दृष्टि दिखाई देती है।

(2) बाबू गुलाबराय

बाबू गुलाबराय ने निबंध को एक ऐसी गद्य रचना माना है जिसमें सीमित आकार के भीतर किसी विषय का प्रतिपादन निजीपन, स्वच्छंदता, सौष्ठव और आवश्यक संगति के साथ किया जाता है।

यह परिभाषा निबंध के प्रमुख गुणों—विषय, सीमित विस्तार, निजी दृष्टिकोण, स्वतंत्र चिंतन और कलात्मक अभिव्यक्ति—को स्पष्ट करती है।

(3) डॉ. नगेंद्र

डॉ. नगेंद्र के अनुसार निबंध में लेखक अपने व्यक्तित्व और अनुभूति के माध्यम से किसी विषय का कलात्मक एवं विचारपूर्ण विवेचन करता है।

सरल परिभाषा

किसी विषय पर लेखक द्वारा अपने विचार, अनुभव, भावनाएँ, कल्पना और दृष्टिकोण को क्रमबद्ध, सुसंगत तथा प्रभावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत की गई गद्य रचना को निबंध कहते हैं।

3. निबंध का स्वरूप

निबंध का स्वरूप बहुआयामी है। इसमें विचार और भाव, तथ्य और कल्पना, तर्क और अनुभूति का सुंदर समन्वय होता है।

1. व्यक्तित्व की अभिव्यक्ति

निबंध में लेखक का व्यक्तित्व प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से दिखाई देता है। विषय एक ही हो सकता है, लेकिन अलग-अलग लेखक उसे अपनी अलग दृष्टि से प्रस्तुत करते हैं।

उदाहरण के लिए ‘वर्षा’ विषय पर कोई लेखक प्राकृतिक सौंदर्य को देख सकता है, तो दूसरा किसान के जीवन और कृषि के संदर्भ में उसका महत्त्व प्रस्तुत कर सकता है।

2. विचार और भाव का समन्वय

निबंध केवल सूचनाओं का संग्रह नहीं है। उसमें लेखक के विचार, भावनाएँ और संवेदनाएँ भी जुड़ी रहती हैं।

3. स्वतंत्र चिंतन

निबंधकार को विषय के संबंध में अपनी स्वतंत्र दृष्टि रखने की स्वतंत्रता होती है। वह विषय को केवल परंपरागत ढंग से प्रस्तुत नहीं करता, बल्कि उसमें अपना चिंतन जोड़ता है।

4. सीमित आकार

निबंध सामान्यतः किसी पुस्तक की तरह विस्तृत नहीं होता। इसमें विषय का आवश्यकतानुसार संक्षिप्त लेकिन सारगर्भित विवेचन किया जाता है।

5. क्रमबद्धता और सुसंगति

निबंध में विचार बिखरे हुए नहीं होने चाहिए। भूमिका से लेकर निष्कर्ष तक विचारों में क्रम, तारतम्य और संबंध होना आवश्यक है।

6. भाषा-शैली की महत्ता

निबंध की सफलता उसकी भाषा और शैली पर भी निर्भर करती है। विषय के अनुरूप भाषा सरल, प्रभावपूर्ण, साहित्यिक, व्यंग्यात्मक, भावात्मक या गंभीर हो सकती है।

7. मौलिकता

निबंध में लेखक की मौलिक सोच दिखाई देनी चाहिए। दूसरे के विचारों को केवल दोहराना निबंध की प्रभावशीलता को कम करता है।

8. रोचकता

निबंध पाठक को बाँधे रखने वाला होना चाहिए। इसके लिए उदाहरण, सूक्तियाँ, घटनाएँ, प्रश्न, तर्क, हास्य या व्यंग्य आदि का प्रयोग किया जा सकता है।

9. प्रभावात्मकता

एक अच्छे निबंध का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं है, बल्कि पाठक पर बौद्धिक और भावनात्मक प्रभाव उत्पन्न करना भी है।

4. निबंध के प्रमुख तत्त्व

एक प्रभावपूर्ण निबंध में सामान्यतः निम्नलिखित तत्त्व पाए जाते हैं—

विषय-वस्तु

लेखक का व्यक्तित्व

विचार एवं चिंतन

भाव एवं संवेदना

मौलिकता

भाषा

शैली

क्रमबद्धता

सुसंगति

रोचकता

प्रभावात्मकता

उद्देश्यपूर्णता

इन सभी तत्त्वों का संतुलित प्रयोग निबंध को प्रभावशाली बनाता है।

5. हिंदी निबंध के प्रकार

हिंदी निबंधों का वर्गीकरण अनेक आधारों पर किया गया है। विषय-वस्तु और शैली के आधार पर इसके प्रमुख प्रकार निम्नलिखित हैं—

(क) वर्णनात्मक निबंध

जिस निबंध में किसी स्थान, वस्तु, दृश्य, घटना या व्यक्ति का सजीव वर्णन किया जाता है, उसे वर्णनात्मक निबंध कहते हैं।

इसमें लेखक अपनी आँखों से देखी या अनुभव की गई वस्तु का ऐसा चित्र प्रस्तुत करता है कि पाठक के सामने उसका दृश्य उपस्थित हो जाए।

उदाहरण:

हिमालय का सौंदर्य

मेरे विद्यालय का वार्षिकोत्सव

वर्षा ऋतु

एक ऐतिहासिक स्थल की यात्रा

(ख) विचारात्मक निबंध

जिस निबंध में किसी विषय, समस्या या सिद्धांत पर तर्क, चिंतन और विश्लेषण के आधार पर विचार प्रस्तुत किए जाते हैं, उसे विचारात्मक निबंध कहते हैं।

इस प्रकार के निबंध में तार्किकता और विषय की गहराई महत्त्वपूर्ण होती है।

उदाहरण:

शिक्षा का उद्देश्य

लोकतंत्र में नागरिकों की भूमिका

विज्ञान और मानव जीवन

समय का महत्त्व

(ग) भावात्मक निबंध

जिस निबंध में लेखक की भावनाओं, संवेदनाओं और अनुभूतियों की प्रधानता होती है, उसे भावात्मक निबंध कहते हैं।

इसमें तर्क की अपेक्षा अनुभूति और भाव की प्रधानता रहती है।

उदाहरण:

माँ की ममता

बचपन की स्मृतियाँ

प्रकृति और मनुष्य

वर्षा की पहली बूँद

(घ) विवरणात्मक निबंध

किसी घटना, यात्रा, कार्यक्रम या प्रक्रिया का क्रमबद्ध विवरण प्रस्तुत करने वाले निबंध को विवरणात्मक निबंध कहते हैं।

उदाहरण:

मेरी विद्यालय यात्रा

स्वतंत्रता दिवस समारोह

गाँव की एक दिन की यात्रा

बाढ़ का दृश्य

(ङ) आत्मपरक निबंध

जिस निबंध में लेखक अपने व्यक्तिगत अनुभवों, स्मृतियों, अनुभूतियों और विचारों को केंद्र में रखता है, उसे आत्मपरक निबंध कहा जाता है।

इसमें लेखक का ‘मैं’ प्रमुख होता है।

उदाहरण:

मेरी पहली रेल यात्रा

मेरा बचपन

मेरी जीवन की अविस्मरणीय घटना

(च) व्यंग्यात्मक निबंध

जिस निबंध में सामाजिक, राजनीतिक अथवा मानवीय विसंगतियों पर हास्य और व्यंग्य के माध्यम से प्रहार किया जाता है, उसे व्यंग्यात्मक निबंध कहते हैं।

इसमें हँसी के साथ-साथ गंभीर सामाजिक संदेश भी छिपा रहता है।

प्रमुख निबंधकार: हरिशंकर परसाई, शरद जोशी आदि।

(छ) ललित निबंध

ललित निबंध हिंदी निबंध की अत्यंत महत्त्वपूर्ण विधा है। इसमें विचार, भावना, कल्पना, सौंदर्यबोध और लेखक के व्यक्तित्व का सुंदर समन्वय होता है।

इसमें विषय की अपेक्षा लेखक की दृष्टि और शैली अधिक महत्त्वपूर्ण हो जाती है।

प्रमुख ललित निबंधकार:

हजारीप्रसाद द्विवेदी

विद्यानिवास मिश्र

कुबेरनाथ राय

महादेवी वर्मा

अज्ञेय

6. विषय के आधार पर निबंध के प्रकार

विषय के आधार पर भी निबंधों को विभिन्न वर्गों में बाँटा जा सकता है—

1. सामाजिक निबंध

समाज और सामाजिक समस्याओं से संबंधित।

जैसे: नारी शिक्षा, दहेज प्रथा, जातिवाद, वृद्धों की स्थिति।

2. राजनीतिक निबंध

राजनीति, लोकतंत्र, शासन और नागरिक जीवन से संबंधित।

जैसे: लोकतंत्र का महत्त्व, चुनाव और मतदाता।

3. आर्थिक निबंध

अर्थव्यवस्था और आर्थिक समस्याओं से संबंधित।

जैसे: बेरोजगारी, महँगाई, आत्मनिर्भर भारत।

4. वैज्ञानिक निबंध

विज्ञान एवं तकनीकी विकास से संबंधित।

जैसे: कृत्रिम बुद्धिमत्ता, अंतरिक्ष विज्ञान, विज्ञान और मानव जीवन।

5. ऐतिहासिक निबंध

ऐतिहासिक घटनाओं, व्यक्तियों एवं कालखंडों पर आधारित।

जैसे: स्वतंत्रता आंदोलन, महात्मा गांधी, भारतीय पुनर्जागरण।

6. सांस्कृतिक निबंध

भारतीय संस्कृति, परंपरा, कला, साहित्य एवं लोकजीवन से संबंधित।

जैसे: भारतीय संस्कृति की विशेषताएँ, विविधता में एकता।

7. पर्यावरण संबंधी निबंध

प्रकृति और पर्यावरण से जुड़े विषय।

जैसे: जल संरक्षण, ग्लोबल वार्मिंग, पर्यावरण प्रदूषण।

7. निबंध की संरचना

एक अच्छे निबंध को सामान्यतः तीन प्रमुख भागों में बाँटा जाता है—

1. भूमिका

भूमिका में विषय का परिचय दिया जाता है और पाठक की रुचि उत्पन्न की जाती है। भूमिका बहुत लंबी नहीं होनी चाहिए।

2. विषय-विस्तार

यह निबंध का मुख्य भाग होता है। इसमें विषय से संबंधित तथ्य, तर्क, उदाहरण, कारण, परिणाम, समस्याएँ और समाधान क्रमबद्ध रूप से प्रस्तुत किए जाते हैं।

3. उपसंहार

अंतिम भाग में पूरे निबंध का सार प्रस्तुत किया जाता है। इसमें लेखक अपने विचार, निष्कर्ष अथवा समाधान को प्रभावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत करता है।

8. निबंध की प्रमुख विशेषताएँ

एक अच्छे हिंदी निबंध में निम्नलिखित गुण होने चाहिए—

विषय की स्पष्टता + मौलिक विचार + तार्किकता + भावात्मकता + क्रमबद्धता + सरल एवं प्रभावपूर्ण भाषा + उपयुक्त शैली + रोचकता + संक्षिप्तता + प्रभावपूर्ण निष्कर्ष।

9. निष्कर्ष

हिंदी निबंध केवल किसी विषय पर लिखी गई गद्य रचना नहीं है, बल्कि यह लेखक के व्यक्तित्व, विचार, अनुभव, संवेदना और भाषा-शक्ति की अभिव्यक्ति है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें लेखक को विषय को अपनी दृष्टि से देखने और प्रस्तुत करने की स्वतंत्रता मिलती है। हिंदी साहित्य में निबंध ने सामाजिक चेतना, राष्ट्रीय भावना, सांस्कृतिक जागरूकता और मानवीय संवेदनाओं को अभिव्यक्त करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

इस प्रकार कहा जा सकता है कि निबंध विचार और अनुभूति, तथ्य और कल्पना तथा लेखक और पाठक के बीच एक सशक्त संवाद का माध्यम है। आधुनिक हिंदी गद्य के विकास में इसका स्थान अत्यंत महत्त्वपूर्ण है।

रविवार, 10 मई 2026

आदिकाल की समय सीमा के संबंध में विभिन्न विद्वानों के मतों की समीक्षा कीजिए।

आदिकाल की समय सीमा के संबंध में विभिन्न विद्वानों के मतों की समीक्षा कीजिए।

साहित्य के इतिहास में 'आदिकाल' की काल-सीमा का निर्धारण एक अत्यंत जटिल और विवादास्पद विषय रहा है। विभिन्न विद्वानों ने भाषाई भाषाई प्रवृत्तियों, ऐतिहासिक साक्ष्यों और रचनाओं की उपलब्धता के आधार पर अलग-अलग समय सीमाएं सुझाई हैं।

​आदिकाल की समय सीमा: विभिन्न विद्वानों के मत

​हिंदी साहित्य का आरंभ कब से माना जाए, इस पर विद्वानों में एकमत का अभाव है। मुख्य मतभेद इस बात पर है कि 'अपभ्रंश' को हिंदी में शामिल किया जाए या नहीं।

​आचार्य रामचंद्र शुक्ल का मत

​शुक्ल जी ने आदिकाल (वीरगाथा काल) की सीमा संवत 1050 से 1375 (993 ई. से 1318 ई.) तक मानी है। उनका तर्क है कि महाराजा भोज के समय से लेकर हम्मीरदेव के समय के कुछ पीछे तक हिंदी साहित्य का आविर्भाव हो चुका था। उन्होंने 'मुंज' और 'भोज' के समय से पुरानी हिंदी के प्रयोग को आधार माना है।

​डॉ. रामकुमार वर्मा का मत

​डॉ. वर्मा ने इस काल को 'संधिकाल' और 'चारणकाल' में विभाजित किया। उन्होंने इसकी शुरुआत संवत 750 (693 ई.) से मानी। वे अपभ्रंश की रचनाओं को भी हिंदी में शामिल करते हैं, जिसके कारण उनके द्वारा निर्धारित सीमा बहुत पीछे चली जाती है।

​राहुल सांकृत्यायन का मत

​राहुल जी ने सिद्ध साहित्य को हिंदी का प्रारंभिक रूप मानते हुए इसकी शुरुआत 760 ई. से स्वीकार की। उन्होंने 'सरहपा' (8वीं शताब्दी) को हिंदी का प्रथम कवि माना। भाषाई दृष्टि से यह मत महत्वपूर्ण है क्योंकि यहीं से अपभ्रंश से हिंदी की ओर झुकाव दिखने लगता है।

​डॉ. हजारीप्रसाद द्विवेदी का मत

​द्विवेदी जी के अनुसार, 10वीं शताब्दी से पहले का साहित्य शुद्ध अपभ्रंश का है। अतः वे आदिकाल का वास्तविक प्रारंभ 1000 ई. से मानते हैं और इसकी समाप्ति 1400 ई. (14वीं शताब्दी के अंत) तक स्वीकार करते हैं। उनके अनुसार, विद्यापति और अमीर खुसरो की रचनाएं इस काल की अंतिम सीमा को दर्शाती हैं।

​3. विवाद के मुख्य कारण

​अपभ्रंश और पुरानी हिंदी का द्वंद्व: अधिकांश विद्वान अपभ्रंश की अंतिम अवस्था को हिंदी का प्रारंभ मानते हैं। जहाँ शुक्ल जी 10वीं सदी को आधार बनाते हैं, वहीं सांकृत्यायन जी 8वीं सदी को।

​रचनाओं की प्रामाणिकता: 'पृथ्वीराज रासो' और 'बीसलदेव रासो' जैसी रचनाओं के समय को लेकर ऐतिहासिक मतभेद हैं।

​नामकरण: काल-सीमा का सीधा संबंध नामकरण से भी है (जैसे- वीरगाथा काल बनाम सिद्ध-सामंत काल)।

​निष्कर्ष

​उपर्युक्त विवेचन के आधार पर यह कहा जा सकता है कि आदिकाल की प्रारंभिक सीमा के संबंध में आचार्य शुक्ल का मत (993 ई.) और अंतिम सीमा के संबंध में डॉ. हजारीप्रसाद द्विवेदी का मत (1400 ई.) सर्वाधिक तर्कसंगत प्रतीत होता है।

​अतः सामान्यतः 1000 ईस्वी से 1400 ईस्वी तक के समय को 'आदिकाल' की सर्वमान्य समय सीमा के रूप में स्वीकार किया जाता है, क्योंकि इस दौरान हिंदी अपनी स्वतंत्र पहचान बनाने की प्रक्रिया में थी।

मीडिया सामग्री निर्माण की अवधारणा और प्रकार का वर्णन कीजिए।

 मीडिया सामग्री निर्माण की अवधारणा और प्रकार का वर्णन कीजिए।

मीडिया सामग्री निर्माण वर्तमान डिजिटल युग का एक अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसका अर्थ है किसी भी माध्यम (जैसे इंटरनेट, टीवी, या समाचार पत्र) के माध्यम से जानकारी, विचार या मनोरंजन को दर्शकों के सामने प्रस्तुत करने के लिए उसे तैयार करना।

​नीचे इसकी अवधारणा और प्रमुख प्रकारों का विस्तृत विवरण दिया गया है:

​1. अवधारणा (Concept)

​मीडिया सामग्री निर्माण की अवधारणा विचार को डिजिटल या भौतिक रूप में बदलने की प्रक्रिया पर आधारित है। यह केवल सूचना साझा करना नहीं है, बल्कि एक विशिष्ट दर्शकों (Target Audience) को ध्यान में रखते हुए संदेश को प्रभावी ढंग से तैयार करना है।

​इसमें तीन मुख्य चरण शामिल होते हैं:

​योजना : क्या बनाना है और किसके लिए बनाना है।

​उत्पादन : सामग्री को रिकॉर्ड करना, लिखना या डिजाइन करना।

​प्रकाशन : सही प्लेटफॉर्म (जैसे YouTube, Blog, या Social Media) पर सामग्री को साझा करना।

​2. मीडिया सामग्री के प्रकार :

​आज के समय में सामग्री मुख्य रूप से चार रूपों में पाई जाती है:

​क. लिखित सामग्री 

​यह सबसे पुराना और आधारभूत प्रकार है। यह सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन (SEO) के लिए बहुत प्रभावी होता है।

​ब्लॉग पोस्ट और लेख: किसी विशेष विषय पर जानकारी साझा करना।

​ई-बुक्स: विस्तृत जानकारी के लिए डिजिटल किताबें।

​न्यूजलेटर: ईमेल के जरिए दी जाने वाली नियमित अपडेट।

​ख. दृश्य सामग्री 

​मानव मस्तिष्क छवियों को शब्दों की तुलना में तेजी से प्रोसेस करता है, इसलिए यह बहुत लोकप्रिय है।

​इन्फोग्राफिक्स: जटिल डेटा को आसान चित्रों के माध्यम से समझाना।

​फोटोग्राफी: उत्पादों या घटनाओं की उच्च गुणवत्ता वाली तस्वीरें।

​मेम्स (Memes): मनोरंजन और सामाजिक संदेश के लिए उपयोग किए जाने वाले मजाकिया चित्र।

​ग. वीडियो सामग्री 

​वर्तमान में वीडियो सामग्री सबसे अधिक उपभोग की जाने वाली सामग्री है।

​लघु वीडियो (Short-form): जैसे Instagram Reels और YouTube Shorts।

​शैक्षिक वीडियो: ट्यूटोरियल या 'How-to' वीडियो।

​लाइव स्ट्रीमिंग: दर्शकों के साथ वास्तविक समय (Real-time) में संवाद।

​घ. ऑडियो सामग्री 

​यह उन लोगों के लिए बेहतरीन है जो चलते-फिरते या काम करते समय जानकारी प्राप्त करना चाहते हैं।

​पॉडकास्ट: किसी विषय पर चर्चा या साक्षात्कार।

​ऑडियो बुक्स: किताबों का सुना जाने वाला संस्करण।

​निष्कर्ष

​मीडिया सामग्री निर्माण का मुख्य उद्देश्य जुड़ाव (Engagement) पैदा करना है। एक सफल कंटेंट क्रिएटर वही है जो अपने दर्शकों की जरूरतों को समझता है और उन्हें मूल्यवान जानकारी या मनोरंजन प्रदान करता है।


कहानी कला के आधार पर 'नमक का दरोगा' की समीक्षा

कहानी कला के आधार पर 'नमक का दरोगा' की समीक्षा

​भूमिका:

मुंशी प्रेमचंद द्वारा रचित 'नमक का दरोगा' आदर्शोन्मुख यथार्थवाद का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। यह कहानी धन के ऊपर धर्म की, और असत्य के ऊपर सत्य की विजय का शंखनाद करती है। कहानी कला के प्रमुख छह तत्वों के आधार पर इसकी समीक्षा निम्नवत् है:

​1. कथानक (

​कहानी का कथानक अत्यंत सुगठित और रोचक है। यह मुंशी वंशीधर की ईमानदारी और पंडित अलोपीदीन के भ्रष्टाचार के बीच संघर्ष को दिखाता है।

​वंशीधर का दरोगा बनना, रात के अंधेरे में नमक की गाड़ियाँ पकड़ना, अलोपीदीन की गिरफ्तारी, और अंततः वंशीधर की नौकरी का छूटना।

​कहानी का अंत पाठक को चौंकाता है, जब भ्रष्ट अलोपीदीन, वंशीधर की ईमानदारी का कायल होकर उसे अपनी सारी जायदाद का मैनेजर नियुक्त कर देता है।

​2. पात्र एवं चरित्र-चित्रण :

​प्रेमचंद ने पात्रों के माध्यम से दो विपरीत विचारधाराओं को प्रस्तुत किया है:

​मुंशी वंशीधर (नायक): वे एक कर्तव्यनिष्ठ और दृढ़ प्रतिज्ञ युवा हैं। वे अपने पिता की 'ऊपरी आय' वाली सलाह को दरकिनार कर ईमानदारी का मार्ग चुनते हैं।

​पंडित अलोपीदीन (प्रतिनायक): वे लक्ष्मी के अनन्य उपासक हैं और मानते हैं कि संसार का हर व्यक्ति खरीदा जा सकता है। उनका हृदय परिवर्तन कहानी को एक मनोवैज्ञानिक गरिमा प्रदान करता है।

​गौण पात्र: वंशीधर के पिता और वकील समाज के नैतिक पतन को रेखांकित करते हैं।

​3. संवाद योजना :

​कहानी के संवाद संक्षिप्त, पात्रों के अनुकूल और नाटकीय हैं। संवाद न केवल कथा को आगे बढ़ाते हैं, बल्कि सामाजिक विडंबनाओं पर चोट भी करते हैं।

​उदाहरण: "न्याय और नीति सब लक्ष्मी के ही खिलौने हैं, उन्हें वह जैसे चाहती है, नचाती है।" यह संवाद अलोपीदीन के अहंकार और तत्कालीन व्यवस्था की नग्न सच्चाई को दर्शाता है।

​4. देशकाल और वातावरण :

​प्रेमचंद ने ब्रिटिश कालीन भारत के प्रशासनिक तंत्र और उसमें व्याप्त भ्रष्टाचार का सजीव वर्णन किया है।

​नमक विभाग की नई व्यवस्था, कचहरी की गहमागहमी और समाज में 'ऊपरी कमाई' को मिलने वाली प्रतिष्ठा का चित्रण तत्कालीन यथार्थ को प्रस्तुत करता है।

​5. भाषा-शैली :

​कहानी की भाषा सरल, प्रवाहपूर्ण और मुहावरेदार है।

​लेखक ने उर्दू-मिश्रित हिंदी (हिंदुस्तानी) का प्रयोग किया है, जो पात्रों के परिवेश के अनुसार स्वाभाविक लगती है।

​शैली वर्णनात्मक होने के साथ-साथ व्यंग्यात्मक भी है, विशेषकर जब वे समाज की विसंगतियों पर प्रहार करते हैं।

​6. उद्देश्य :

​स्नातक स्तर पर यह समझना महत्वपूर्ण है कि प्रेमचंद केवल मनोरंजन के लिए नहीं लिखते थे। इस कहानी का मुख्य उद्देश्य 'ईमानदारी का फल' दिखाना है।

​यद्यपि वंशीधर को अपनी ईमानदारी के लिए नौकरी गंवानी पड़ती है, लेकिन अंत में उनकी नैतिक विजय होती है। यह कहानी पाठकों में नैतिक मूल्यों के प्रति विश्वास जगाती है।

​निष्कर्ष:

निष्कर्षतः, 'नमक का दरोगा' कहानी कला के सभी प्रतिमानों (तत्वों) पर खरी उतरती है। यह कहानी आज के समय में भी उतनी ही प्रासंगिक है, जितनी रचना काल के समय थी। प्रेमचंद की लेखनी ने एक साधारण घटना को मानवीय संवेदना और नैतिकता के उच्चतम स्तर तक पहुँचा दिया है। प्रेमचंद ने 'आदर्शोन्मुख यथार्थवाद' का पालन करते हुए इसे एक सुखद अंत दिया ताकि समाज में अच्छाई के प्रति विश्वास बना रहे।

​

कथेतर साहित्य की विविध विधाएँ: परिभाषा, अंतःसंबंध एवं अंतर

  कथेतर साहित्य की विविध विधाएँ: परिभाषा , अंतःसंबंध एवं अंतर 2.1 प्रमुख विधाओं का विस्तृत विश्लेषण निबंध ( Essay): ' नि ...